■ एमआईडीसी पुलिस थाने द्वारा अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाली गिरोह के 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 किलो 390 ग्राम वजनी (कीमत ₹37,17,00,000/-) का केटामाइन (‘Ketamine’) ड्रग्स जब्त।
श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

नमकीन की थैलियों में ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को MIDC पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उनके पास से 12.390 किलो Ketamine बरामद किया गया है जिसकी कीमत रू.37.17 करोड़ बताई जा रही है।
एमआईडीसी पुलिस थाने की नशीले पदार्थ विरोधी टीम के गश्त के दौरान दिनांक 24/09/2026 को रात के समय (लगभग 23:00 बजे) विमानतल मेट्रो स्टेशन के पास दो संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर घूमते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर दोनों व्यक्ति घबरा गए और वहां से भागने का प्रयास करने लगे। एमआईडीसी पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।


दोनों व्यक्तियों के बैग की तलाशी लेने पर उनके पास से क्रिस्टल पाउडर के रूप में संदिग्ध पदार्थ पाया गया। जांच करने पर और एनडीपीएस एक्ट के तहत गवाहों की उपस्थिति में प्रक्रिया पूरी करने पर पुष्टि हुई कि वह नशीला पदार्थ ‘Ketamine’ है।


गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
अदनान अहमद नियाज अहमद सिद्दीकी (उम्र 37 वर्ष, निवासी: रूम नं 99, बी ब्लॉक, मोदी कंपाउंड, न्यू मस्जिद, घोडपदेव, माझगांव, मुंबई)।
इस्तियाक अहमद मुश्ताक मणियार (उम्र 29 वर्ष, निवासी: रूम नं 23, पहला माला, मीरा दातार बिल्डिंग, इमाम स्ट्रीट, मोती टॉकीज के पास, गिरगांव, मुंबई)।


■ जब्ती का विवरण:
नशीला पदार्थ: केटामाइन (‘Ketamine’)
कुल वजन: 12 किलो 390 ग्राम
अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य: ₹37,17,00,000/- (सैंतीस करोड़ सत्रह लाख रुपये)
■ कार्रवाई और आगे की जांच:
आरोपियों के खिलाफ एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में गु.र.क्र. 1075/2026, एन.डी.पी.एस. एक्ट 1985 की धारा 8(क), 22(क), 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह भारत से म्यांमार, थाईलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया आदि देशों में हवाई मार्ग तथा कुरियर के माध्यम से ड्रग्स सप्लाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है। नमकीन की थैलियों के अंदर रखी वस्तुओं की जांच स्कैनर मशीन में करना मुश्किल होने के कारण नमकीन की थैलियों का इस्तेमाल ड्रग्स तस्करी के लिए किया जाता था।
मामले में आगे की जांच जारी है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख,पुलिस उपायुक्त दत्ता नालावडे, सहायक पुलिस आयुक्त योगेश शिंदे के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई MIDC पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर की टीम ने किया है।


