श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

नवी मुंबई के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाने वाले एक मामले में शिवसेना (शिंदे गुट) महिला आघाड़ी की उपजिला प्रमुख पूजा बनसोडे को तुर्भे एमआईडीसी पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक कबाड़ व्यापारी से ₹2 लाख की रंगदारी मांगी और रकम देने से इनकार करने पर अपने साथियों के साथ व्यापारी तथा उसके कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की और अश्लील गालियां दीं।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता का नवी मुंबई के इंदिरा नगर इलाके में कबाड़ का कारोबार है। आरोप है कि पूजा बनसोडे ने व्यापारी से कहा कि यदि उसे इस इलाके में दुकान चलानी है तो ₹2 लाख की रंगदारी देनी होगी। व्यापारी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद पूजा बनसोडे अपने चार साथियों—रमजान शेख, सरिता सरवदे, नरेंद्र साकवार और हुसैन शेख—के साथ व्यापारी की दुकान पर पहुंचीं। वहां सभी ने मिलकर व्यापारी और उसके कर्मचारी के साथ मारपीट की तथा अश्लील गालियां देकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने तुर्भे एमआईडीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रंगदारी और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी पूजा बनसोडे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद अन्य चार आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। सत्तारूढ़ दल की एक महिला पदाधिकारी की रंगदारी और मारपीट के मामले में गिरफ्तारी के बाद नवी मुंबई के राजनीतिक हलकों में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


