मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सोमवार तड़के मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एथेनॉल से भरा एक कंटेनर ट्रक पलटकर मुंबई से नागपुर जाने वाली लेन पर आड़ा हो गया, जिसके कारण यातायात को दूसरी लेन पर डायवर्ट करना पड़ा। इसी दौरान एक ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।


पुलिस के अनुसार, पहला हादसा सुबह करीब 3 बजे विरुल गांव के पास इंटरचेंज (IC)-80 के निकट हुआ। एथेनॉल से भरा कंटेनर ट्रक पलटने के कारण मुंबई-नागपुर कैरिजवे पूरी तरह बंद हो गया। एथेनॉल अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण टैंकर को तुरंत हटाया नहीं जा सका। सुरक्षा के मद्देनजर पहले टैंकर से एथेनॉल खाली किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की आग या विस्फोट का खतरा न रहे।
इसी दौरान यातायात बहाल करने का काम चल रहा था कि एक ट्रक ने सामने चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में वर्धा जिले के एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे सेफ्टी पेट्रोल (HSP), वर्धा पुलिस, फायर ब्रिगेड और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन यातायात को सुचारु करने और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सुरक्षित हटाने का प्रयास कर रहा है।
■ ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
प्रशासन ने समृद्धि एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
नागपुर से मुंबई जाने वाले वाहन चालक फिलहाल वर्धा तक समृद्धि एक्सप्रेसवे का उपयोग न करें। वे नागपुर-अमरावती हाईवे का इस्तेमाल करते हुए अमरावती गेट इंटरचेंज से दोबारा एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करें।
मुंबई से नागपुर जाने वाले वाहन चालकों को भी अमरावती गेट इंटरचेंज से एक्सप्रेसवे छोड़कर नागपुर-अमरावती हाईवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एथेनॉल से भरा कंटेनर किन परिस्थितियों में पलटा। दुर्घटनास्थल को सुरक्षित तरीके से साफ कर सामान्य यातायात बहाल करने का कार्य जारी है।


