मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

पुणे जिले में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को “मानवता पर कलंक” बताते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग की है।


वर्षा गायकवाड़ ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महाराष्ट्र में कानून का डर खत्म हो गया है और महिला व बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केवल बयान देते हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का पुलिस पर और पुलिस का अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।


गायकवाड़ ने आगे कहा कि पुणे की यह घटना बेहद निंदनीय है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोग सड़कों पर उतरे, लेकिन पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जो और भी शर्मनाक है। उन्होंने पुणे में बढ़ते ड्रग्स कारोबार और अपराधों पर भी चिंता जताई।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध रोकने के लिए बनाया गया “शक्ति कानून” पिछले तीन साल से केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए लंबित है। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से इसे जल्द मंजूरी देने और राज्य सरकार से इसे लागू करने की मांग की।
उन्होंने बदलापुर और अन्य जगहों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के हर हिस्से में महिलाओं और बच्चियों पर अत्याचार हो रहे हैं और हजारों महिलाएं लापता हो रही हैं। गायकवाड़ ने कहा कि अगर सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।


