मुंबई वार्ता संवाददाता

सांताक्रूज पूर्व के कलीना इलाके में ऑनलाइन गेम फ्री फायर की आईडी को लेकर हुए विवाद में एक युवक के गले पर चाकू से गंभीर हमला कर हत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सलमान फारुक शाह के भाई दिलशाद शाह और उनके मित्र 30 सितंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे सेंट रॉक चर्च, कुंची कोरवी नगर, कलीना, सांताक्रूज पूर्व स्थित सीढ़ियों पर बैठे थे। इसी दौरान सलमान अपने घर खाना खाने के लिए कुर्ला पश्चिम चले गए थे।
इसी बीच सलमान के परिचित अरबेज शाह ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज की और विवाद करने लगा। बताया गया है कि फेसबुक आईडी के जरिए फ्री फायर ऑनलाइन गेम खेलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए सलमान ने अरबेज को अपने भाई दिलशाद का मोबाइल नंबर दिया था।
कुछ देर बाद सलमान के भाई दिलशाद को फोन किया गया। फोन समीर ने उठाया और सलमान को बताया कि अरबेज ने दिलशाद का गला चाकू से काट दिया है। सूचना मिलने के बाद सलमान कलीना की ओर पहुंचे। रास्ते में उन्हें एक एंबुलेंस दिखाई दी, जिसमें घायल दिलशाद के साथ उनके मित्र परवेज और अरबेज भी मौजूद थे।
दिलशाद के गले पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून बह रहा था। पुलिस के मुताबिक, परवेज और अरबेज ने सलमान को बताया कि दिलशाद के गले पर चाकू से वार किया गया और उसकी जान लेने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अरबेज शाह, मुसाहिद वकील अहमद खान, कौसर अली जमेल शाह और अनस सय्यद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109, 118(1), 351(3), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
इस मामले में पुलिस ने मुसाहिद वकील अहमद खान, अरबेज शाह और कौसर अली जमेल शाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


