श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की बांद्रा यूनिट ने नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 49 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1015 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.53 करोड़ रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को एंटी नारकोटिक्स सेल, बांद्रा यूनिट की पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि साईधाम/दत्तानी पार्क बस स्टॉप के पास, गायत्री नगर, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे पूर्व दिशा में स्थित सार्वजनिक स्थान पर एक व्यक्ति एमडी ड्रग्स बेचने के लिए लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से 1015 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रमणि शिवशंकर पांडेय (49) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए एमडी की अनुमानित कीमत 2,53,75,000 रुपये बताई गई है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, मुंबई एंटी नार्कोटिक्स सेल की पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई बांद्रा यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल चंदनशिवे की टीम ने की है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को एमडी ड्रग्स कहां से मिली थी तथा इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था ?


