मुंबई वार्ता संवाददाता

पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने विशेष मोका अदालत में आरोपियों के खिलाफ 4590 पेज का दोषारोपण पत्र दायर किया है. इस बात की जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावाडे ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है.
ज्ञात हो कि पिछले साल 12 अक्तूबर को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जियाउद्दीन अब्दुल रहीम सिद्दीकी उर्फ बाबा सिद्दीकी की कुछ लोगों ने बांद्रा पूर्व में गोली मारकर हत्या कर दी थी.
इस मामले की जांच कर पुलिस ने अब तक कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में तीन फरार आरोपियों मोहम्मद यासीन अख्तर उर्फ सिकंदर, शुभम लोनकर और अनमोल बिश्नोई की तलाश जारी है.
इस मामले के सभी आरोपियों के खिलाफ मोका के अंतर्गत कार्रवाई की गई है. मामले संबंधित दोषारोपणपत्र पुलिस ने अदालत में दायर कर दिया है.
इस आरोपपत्र में कुल 180 गवाहों की गवाही सूचीबद्ध की गई है. इस मामले में कुल 5 अग्निशस्त्र, 6 मैग्जीन, 84 जिवित कारतूस समेत 35 मोबाइल फोन भी ज़ब्त किया गया है.


