मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बृहन्मुंबई के भांडुप, मानखुर्द, कुर्ला, जोगेश्वरी, बोरीवली और दहिसर इलाकों में बिना किसी मेडिकल डिग्री के अवैध रूप से प्रैक्टिस करने वाले बोगस डॉक्टरों द्वारा मरीजों का इलाज करने और उनसे भारी फीस वसूल कर धोखा देने की विश्वसनीय जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 को मिली थी। ये बोगस डॉक्टर बिना योग्यता के गुप्त रोगों सहित विभिन्न बीमारियों के लिए एलोपैथी, आयुर्वेदिक और यूनानी दवाएं देकर आम नागरिकों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रहे थे।


प्राप्त जानकारी के आधार पर, यूनिट 7 की पुलिस टीम ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के चिकित्सा अधिकारियों के साथ मिलकर अलग-अलग दिनों में मुंबई के 7 क्लिनिकों पर छापेमारी की। जिन क्लिनिकों पर कार्रवाई की गई, उनके नाम निम्नलिखित हैं:
‘संतोष हेल्थ क्लिनिक’ – भांडुप
‘विनायक हेल्थ क्लिनिक’ – भांडुप
‘हमदम दवाखाना’ – जोगेश्वरी
‘कोहिनूर दवाखाना’ – जोगेश्वरी
‘अंकुश आयुर्वेदिक दवाखाना’ – बोरीवली
‘दीपक हर्बल हेल्थ केयर क्लिनिक’ – दहिसर
‘समर आयुर्वेदिक दवाखाना’ – मानखुर्द (यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच यूनिट 6 के माध्यम से की गई)


इन 7 क्लिनिकों में छापेमारी के दौरान 10 बोगस डॉक्टर प्रैक्टिस करते पाए गए। इनके पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी और न ही महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में कोई पंजीकरण था। इसके बावजूद वे खुद को डॉक्टर बताकर गुप्त रोगों जैसी बीमारियों के लिए एलोपैथी, आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं से अवैध इलाज कर रहे थे। कुछ क्लिनिकों में ये बोगस डॉक्टर एक्सपायर (समयावधि समाप्त) हो चुकी यूनानी और आयुर्वेदिक दवाएं भी बेचते पाए गए।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इन बोगस डॉक्टरों के कब्जे से लगभग ₹2,20,000 मूल्य की विभिन्न प्रकार की दवाओं की बोतलें, सिरिंज, एंटीबायोटिक टैबलेट्स और अन्य मेडिकल उपकरण जब्त किए हैं।
इन बोगस डॉक्टरों के खिलाफ भांडुप पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट 1961 की धारा 33 और 36 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट 7 (घाटकोपर) द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, माननीय पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, माननीय अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उप आयुक्त (प्रकटीकरण-1) नवनाथ ढवले और माननीय सहायक पुलिस आयुक्त (डी/पूर्व) श धर्मपाल बनसोडे के मार्गदर्शन में पूरी की गई।
इस ऑपरेशन को यूनिट 7 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ढोले, पुलिस निरीक्षक प्रदिप सरफरे, सपोनि. सुहास खरमाटे, सपोनि. धनाजी साठे, सपोनि. महेश शेलार, पोउपनि. अजय गोल्हार, पोउपनि. प्रमोद जंगम, पोउपनि. अरूण सावंत, पोउपनि. तानाजी उबाले, पोउपनि. नारवेकर तथा यूनिट 7 के पुलिस कर्मचारियों की टीम ने अंजाम दिया।


