मुंबई वार्ता संवाददाता

शिवसेना (UBT) की पार्षद लक्ष्मी भाटिया ने आरोप लगाया है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय के स्टैंडिंग कमेटी हॉल के अंदर उनके पर्स से ₹20,000 चोरी हो गए। यह घटना बुधवार, 15 अप्रैल को हुई।
वार्ड 56 से निर्वाचित भाटिया के अनुसार, यह घटना बीएमसी मुख्यालय के पहले मंजिल स्थित स्टैंडिंग कमेटी हॉल में हुई, जहां नगर निगम के अहम वित्तीय फैसले लिए जाते हैं।


उन्होंने बताया कि बैठक के बाद वह पास के कमरे में भोजन के लिए गई थीं और अपना पर्स सीट पर ही छोड़ दिया था।
भाटिया ने कहा, “जब मैं वापस आई तो पर्स खुला हुआ था और उसमें रखा ₹20,000 का पैकेट गायब था। कुछ सामान, जैसे चार्जर, बाहर पड़ा हुआ था।”


उन्होंने इस घटना की जानकारी बीएमसी के सुरक्षा विभाग को दी। भाटिया ने यह भी बताया कि हॉल के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। फिलहाल उन्होंने इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पार्षद ने इस घटना की जानकारी महापौर रीतु तावड़े और स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे को भी दी है।
भाटिया ने कहा, “अगर पार्षदों का सामान भी यहां सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा? महिला पार्षद अक्सर बैठक के दौरान बाहर जाते समय अपने पर्स हॉल में ही छोड़ देती हैं, ऐसे में यह घटना चिंता बढ़ाने वाली है।”


