मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) स्थित अंबोली इलाके में शुक्रवार शाम BEST की एक बस का ब्रेक फेल हो जाने से बड़ा हादसा हो गया। तिलक नगर से अंधेरी जा रही BEST की रूट नंबर 242 की बस बेकाबू होकर चार कारों और एक ऑटो-रिक्शा से टकरा गई।


घटना की सूचना शाम 6:10 बजे मिली, जिसके बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की अग्निशमन टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।
कूपर अस्पताल में भर्ती संतलाल यादव (33 वर्ष) का प्राथमिक उपचार (ओपीडी) किया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
मिल्लत अस्पताल में भर्ती साक्षी (33 वर्ष) का भी ओपीडी में उपचार किया गया और उनकी हालत भी स्थिर है।
वहीं, ब्रह्माकुमारी अस्पताल ने पुष्टि की है कि वहां इस हादसे में कोई घायल नहीं लाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। हादसे में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।


