मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पटोले ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त संस्था है, लेकिन ज्ञानेश कुमार ने इसे भाजपा के नियंत्रण में कर दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार और भाजपा के बीच कथित गठजोड़ लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर खतरा है।


मीडिया से बातचीत में पटोले ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कथित ‘वोट चोरी’ के मामलों को सबूतों के साथ सामने रखा है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग में ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं, जिनसे भाजपा को फायदा पहुंचने का आरोप लगाया जा रहा है। पटोले ने कहा कि इसी वजह से भाजपा के मुख्यमंत्री और मंत्री ज्ञानेश कुमार का बचाव करने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि असल में ‘दिमाग भाजपा के मुख्यमंत्रियों का ही चोरी हो गया है।’
पटोले ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले व्यक्ति से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की अपेक्षा की जाती है, लेकिन भाजपा के मुख्यमंत्री चुनाव आयोग से जुड़े आरोपों पर पर्दा डालने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं, जो देश के लिए नुकसानदायक है।
कांग्रेस नेता ने मतदाता पंजीकरण के फॉर्म-6 में कथित तौर पर किए गए बदलावों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों युवाओं तथा विभिन्न जाति और धर्म के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया जानबूझकर की जा रही है।
पटोले ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता सूची से कथित तौर पर 32 लाख नाम हटाए जाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि इनमें से 27 लाख मामलों में सुनवाई किए जाने की बात कही जा रही है, जबकि अन्य दो चुनाव आयुक्तों ने ऐसी सुनवाई की जानकारी होने से इनकार किया था। पटोले ने सवाल उठाया कि यह सुनवाई किसकी अनुमति से की गई। उन्होंने दावा किया कि अन्य दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों से ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लड़ने वालों के साथ कांग्रेस
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर पटोले ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी राजनीतिक दल या संगठन संघर्ष कर रहे हैं, कांग्रेस उनके साथ है। उन्होंने कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली के खिलाफ देश में आवाज उठ रही है और यह अभी शुरुआत है।
पटोले ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जो भी लोग संघर्ष कर रहे हैं, कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
हाल के दिनों में ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए गए हैं। वहीं, चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रियाओं का बचाव किया है और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।


