■ कल्याण में कांग्रेस का महिला सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न।
मुंबई वार्ता संवाददाता

भाजपा सरकार के शासनकाल में महिलाओं पर अत्याचारों में बड़े पैमाने पर वृद्धि हुई है। ‘बेटी बचाओ’ सिर्फ एक खोखला नारा साबित हुआ है और भाजपा महायुती सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है। इसी कारण महिला कांग्रेस महाराष्ट्रभर में महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित करने जा रही है, यह घोषणा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे ने की।


भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रीमती इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती के उपलक्ष्य में कल्याण स्थित साईनंदन इन हॉल में कल्याण-डोंबिवली महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कांचन योगेश कुलकर्णी की पहल से महिलाओं का भव्य और प्रेरणादायी सम्मेलन अत्यंत उत्साह के साथ आयोजित किया गया।


इस सम्मेलन को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया।इस अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी शिल्पी अरोड़ा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सचिन नाइक, महासचिव ब्रिजकिशोर दत्त, सचिव सुरेंद्र आढाव, महिला उपाध्यक्ष उज्ज्वला सालवे, श्रुति म्हात्रे, कल्याण-डोंबिवली शहर जिल्हा कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सचिन पोटे, कार्याध्यक्ष राजाभाऊ पातकर, ब्लॉक अध्यक्ष शकील खान, विमल ठक्कर, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शबाना शेख आदि उपस्थित थे।


भाजपा चुनाव आयोग की मदद से वोट चोरी कर सत्ता हासिल करती है। चुनाव आयोग को बैलेट पेपर से चुनाव करवाने चाहिए। वर्तमान में चल रहे स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से विजयी होगी, ऐसा विश्वास भी संध्याताई सव्वालाखे ने व्यक्त किया।इस सम्मेलन के माध्यम से महिला जिलाध्यक्ष कांचन कुलकर्णी ने इंदिरा जी के असाधारण कार्यों, उनके साहसी नेतृत्व और महिलाओं को दी गई प्रेरणा की पुनर्स्मृति कराई। समाज में महिलाओं की सजग भूमिका और एकता का संदेश भी इस कार्यक्रम के जरिए दिया गया।
कल्याण की बहुजन समाज पार्टी की पदाधिकारी शिल्पा अंबादे ने भी अपने कार्यकर्ताओं सहित इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया।


