मुंबई वार्ता/कृष्ण गोपाल सिंह

शहर के पॉश इलाके अशोक नगर में अज्ञात चोरों ने एक शो-रूम का शटर तोड़कर 85 हजार रुपये की नकद राशि चुरा ली और फरार हो गए। जिस शो-रूम में चोरी की घटना हुई, उसके कुछ ही दूरी पर शांतिनगर पुलिस स्टेशन, महानगरपालिका मुख्यालय, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, तहसीलदार कार्यालय तथा भिवंडी ग्रामीण पुलिस स्टेशन स्थित हैं। इतने संवेदनशील और आवागमन वाले क्षेत्र में चोरी की घटना से नागरिकों में आश्चर्य और आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने रात के समय शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


पुलिस के अनुसार अशोक नगर प्रवेश द्वार के पास धीरज शंकरलाल पटेल का हार्डवेयर व टाइल्स का ‘उमिया डेकोर’ नामक शो-रूम स्थित है। 4 जनवरी की रात करीब 9 बजे शो-रूम बंद होने के बाद 5 जनवरी की सुबह लगभग 8.45 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने शो-रूम के पीछे लगा शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी 85,000 रुपये की नकद राशि चुराकर फरार हो गए।अगले दिन जब शो-रूम खोला गया तो मालिक को चोरी की जानकारी हुई।
इसके बाद उन्होंने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 331(4) और 332(3) के तहत मामला दर्ज कराया।पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।


