■ प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की प्रमुख उपस्थिति में कार्यक्रम।
मुंबई वार्ता संवाददाता

सभी को भाईचारे और सौहार्द से एक साथ रहना चाहिए — इसी उद्देश्य से महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्याध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मुज़फ्फर हुसैन की पहल पर मीरा-भायंदर जिला कांग्रेस कमेटी ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है।यह कार्यक्रम मंगलवार, 15 जुलाई को मीरा रोड के नयानगर स्थित अस्मिता क्लब में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में मीरा-भायंदर क्षेत्र के मराठी और हिंदी भाषी नागरिक, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे — ऐसी जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष (संगठन एवं प्रशासन) एडवोकेट गणेश पाटील ने दी है।
गणेश पाटिल ने कहा कि विविधता में एकता ही भारत की विशेषता है। हमारे देश में विभिन्न जाति, धर्म और भाषा बोलने वाले लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते हैं। मुंबई और महाराष्ट्र में तो देश के कोने-कोने से लोग रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में आकर एक साथ रहते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से भाषा के मुद्दे पर जानबूझकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। यह विवाद राज्य सरकार द्वारा ही शुरू किया गया है। भाजपा के बाहरी नेता, जैसे कि सांसद निशिकांत दुबे, भड़काऊ वक्तव्य देकर इस विवाद को और भड़काने का काम कर रहे हैं।स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक लाभ के लिए यह मुद्दा खड़ा किया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। यह महाराष्ट्र और समाज के हित में नहीं है, इसलिए यह संघर्ष अब समाप्त होना चाहिए।
मीरा-भायंदर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से मराठी और हिंदी भाषी वर्गों के बीच कुछ संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस संदर्भ में बड़े पैमाने पर आंदोलनों और मोर्चों का आयोजन किया गया था, जिससे इस क्षेत्र में तनाव और कटुता का माहौल बना है। यह स्थिति किसी भी तरह से उचित नहीं है। इस कटुता और तनाव को कम करने व संवाद को बढ़ावा देने के लिए कांग्रेस पार्टी ने पहल की है।


इसी दिशा में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की प्रमुख उपस्थिति में “हम मराठी, हम भारतीय” इस भाषा कार्यशाला का आयोजन कांग्रेस पार्टी की ओर से किया गया है।


