■ पूर्व नगरसेवक अन्नामलाई ने दी हंडा मोर्चा निकालने की धमकी.
मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

बरसात के इस मौसम में भी कुर्ला एल वार्ड के अंतर्गत आने वाली जरीमरी झोपड़पट्टी में पानी की घोर व्याप्त है। जिसके कारण यहां के लोगों को पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। बताया जाता है कि जरीमरी के आजाद चाल, मार्टिन परेरा चाल, विजय नगर और आसपास की बस्तियों में पानी की किल्लत होने से यहां के नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा।
अनेक नागरिकों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि पुरानी जलवाहिनी काफी नीचे चली गई है। पुराने कनेक्शन में पानी आ रहा है किंतु एक दम गंदा। जिसके कारण गंदे पानी से बीमारी फैलने की संभावना बनी हुई है।
स्थानीय पूर्व नगरसेवक और शिवसेना नेता डॉ एस अन्नामलाई ने बताया कि पिछले कई दिनों से यहां के लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है। कामधंधे और स्कूल,कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की नई जलवाहिनी बिठाने के बाद भी पानी की समस्या बरकरार है।
यदि जल्द ही जरीमरी झोपड़पट्टी में पानी की समस्या न सुलझी तो मनपा एल वार्ड पर हंडा मोर्चा निकाले जाने की धमकी डॉ अन्नामलाई ने दी है।


