मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग ज़िले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ राज्य के मंत्री नितेश राणे ने खुद एक मटका (जुए के अड्डे) पर अचानक छापा मारा। यह कार्रवाई जिले के कणकवली बाजार क्षेत्र में की गई, जहां अवैध तरीके से मटका जुआ चलाया जा रहा था।



मंत्री नितेश राणे को लंबे समय से स्थानीय नागरिकों से अवैध जुए की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। जनता की इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के कणकवली बाजार में छापा मारा। मंत्री के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया और मौके से 9 से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया।



चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस छापे के समय मौजूद नहीं थी। मंत्री राणे की कार्रवाई के बाद ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इस देरी पर कई सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर शक जताया जा रहा है।


