मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष व विधायक अमित साटम, मुंबई में बड़े पैमाने पर मनाई जानेवाली छठ पूजा की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।यह महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार दोपहर 1 बजे मुंबई महापालिका मुख्यालय में आयोजित की गई है।


बैठक में मुंबई क्षेत्र की विभिन्न छठ पूजा उत्सव समितियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।देशभर में आगामी 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2025 के बीच पवित्र छठ पूजा पर्व मनाया जाएगा। मुंबई में भी समुद्र तटों पर लाखों श्रद्धालु एकत्र होकर सूर्य देव की उपासना करते हैं और उन्हें अर्घ्य अर्पित कर यह पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं।


इसी के अनुरूप, श्रद्धालुओं की सुविधा, कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और स्वच्छता की तैयारियों के संदर्भ में मंत्री मंगलप्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी तथा मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन् भारती से चर्चा करेंगे।इस बैठक में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे और उनकी सुझावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्तिक शुक्ल चतुर्थी से शुरू होकर कार्तिक शुक्ल सप्तमी तक यह पर्व मनाया जाता है, जिसमें सप्तमी के दिन सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा का समापन होता है। इन चार दिनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए घरों से निकलते हैं। इस समय उन्हें अनेक सुविधाओं की आवश्यकता होती है और कई स्थानों पर भारी भीड़ भी होती है।
ऐसे समय में कानून और व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और श्रद्धालुओं दोनों की जिम्मेदारी है, ऐसा मंत्री लोढा ने कहा है।इस संबंध में उन्होंने छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव प्रशासन तक अवश्य पहुँचाए।


