मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

बारिश होने के बाद राज्य में सड़कों पर गड्ढों की संख्या बढ़ गई है। मुंबई, नासिक, सांगली और रायगढ़ समेत कई शहरों का बुरा हाल है। इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने प्रशासन को फटकार लगाई है। कोर्ट ने एक हफ्ते के भीतर राज्य के सभी गड्ढों को भरने का आदेश दिया है।


हाईकोर्ट ने ठेकेदारों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर सवाल उठाए। कोर्ट ने स्पष्ट किया, “ठेकेदार को नियंत्रित करने वाले नगर निगम अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाए और मुआवजे की राशि जिम्मेदार अधिकारी की जेब से दी जाए।” कोर्ट ने नगर पालिकाओं के खराब प्रबंधन की भी आलोचना की। गड्ढे भरने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए।


नासिक में ठाकरे की शिवसेना और मनसे ने गड्ढों के खिलाफ मार्च निकालकर भाजपा और नगर निगम प्रशासन पर निशाना साधा। पालक मंत्री गिरीश महाजन ने नासिक में स्थिति का जायजा लिया। सांगली में गड्ढों से हुई दुर्घटनाओं के कारण सुल्तान गाडे गावकरी ने खुद गड्ढे भरे और प्रशासन को फटकार लगाई।


