मुंबई वार्ता संवाददाता

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश प्रवक्ता एवं युवक मुंबई अध्यक्ष एडवोकेट अमोल मातेले ने मुंबई महानगरपालिका के हालिया घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि महिला महापौर का बार-बार राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पद का अपना सम्मान और अधिकार होता है, जिसका सभी को सम्मान करना चाहिए।


जारी प्रेस नोट में मातेले ने कहा कि किसी भी संवैधानिक या प्रशासनिक पद पर न होने वाले व्यक्तियों द्वारा महानगरपालिका के कामकाज में अनावश्यक हस्तक्षेप करना, अधिकारियों पर दबाव बनाना और केवल प्रचार पाने के लिए माहौल तैयार करना महाराष्ट्र की सुसंस्कृत राजनीतिक परंपरा के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फिलहाल भाजपा के भीतर श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। किरीट सोमैया, मंगल प्रभात लोढ़ा और अमित साटम के बीच अधिक आक्रामक दिखने और चर्चा में बने रहने की प्रतिस्पर्धा चल रही है। मातेले के अनुसार, जनता के मुद्दों को सुलझाने के बजाय आपसी राजनीतिक बढ़त हासिल करने की कोशिश की जा रही है, जिसके कारण ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुंबईकरों को विकास, पारदर्शी प्रशासन और जवाबदेही चाहिए, न कि प्रचार की राजनीति और राजनीतिक स्टंटबाजी। मातेले ने मांग की कि महिला महापौर के पद की गरिमा बनाए रखी जाए और महानगरपालिका के कामकाज में किसी भी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप तत्काल बंद किया जाए।


