■ कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत के हाथों वितरण100 लैपटॉप, 1500 प्रेशर कुकर, 1500 मिठाई का डिब्बा।
वरिष्ठ संवाददाता/ मुंबई वार्ता

दृष्टिहीन दिव्यांगों के लिए पिछले 18 सालों से कार्य करने वाली सामाजिक संस्था हेतु चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मालाड पश्चिम के एस. वी. रोड, पवन बाग परिसर में स्थित विट्टी इंटरनेशनल स्कूल परिसर में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत उपस्थित थे।


विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराष्ट्र मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं मुंबई हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश कमल किशोर तातेड़, कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति श्याम सी चांडक, कर्नाटक हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मारलुर इंद्रकुमार अरुण, राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति चंद्रप्रकाश श्रीमाली, रेखा शाह, दिनेश तिलेसरा, सोनिया राणा आदि मौजूद थे।


कार्यक्रम में 1500 दिव्यांगों को प्रेसर कुकर एवं 1500 मिठाई के पैकेट प्रदान किए गए। साथ ही 100 दृष्टिहीनों को लेपटॉप, एआई तकनीक से युक्त स्टिक और एआई स्मार्ट चश्मा प्रदान किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं हेतु संस्था के सचिव रिखब चंद (चौधरी) जैन ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए ट्रस्ट द्वारा जारी गतिविधियों की जानकरी दी।
जैन ने कहा कि इस काम में सक्षम कोकण प्रांत के दिव्यांग अध्यक्ष रमेश सावंत का विशेष सहयोग रहता है जो दूरदराज के आदिवासी इलाकों में रहने वाले दिव्यांग परिवारों का पूरा डेटा रखते हैं। हर साल दीवाली से पूर्व हम पहले इनके घरों में खुशियों के साथ रोशनी करने के बाद अपनी दीवाली मनाते हैं।
इस अवसर पर हेतु के अध्यक्ष विनय छेड़ा, धर्मेश मंडालिया, हीराभाई पटेल, अनिल बाबेल, धवल धारोड़ आदि मौजूद थे।


