मुंबई वार्ता संवाददाता

मालेगांव में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार कर हत्या करने की घटना अत्यंत गंभीर और बेहद निंदनीय है। इस घटना ने साबित कर दिया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि पर महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। राज्य में अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रहा है और महिला अत्याचारों की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। मालेगांव मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराते हुए आरोपी को फांसी की सजा दी जाए, ऐसी मांग महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है।


इस संदर्भ में प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। कोयता गैंग, ड्रग्स माफिया, रेत माफिया, आका और ‘खोक्या’ का खुलेआम नंगानाच जारी है। सत्ताधारी दल के आशीर्वाद से अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। पिछले कुछ महीनों की घटनाएँ दर्शाती हैं कि सरकार के संरक्षण में गुंडागर्दी और माफिया राज बेकाबू हुआ है। अपराधियों, माफिया और भ्रष्ट तत्वों को सत्ताधारी दल में शामिल कर उन्हें ‘पवित्र’ किया जा रहा है। जब सरकार ही अपराधियों को संरक्षण देने लगे तो उनका मनोबल बढ़ना स्वाभाविक है—लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है। पुलिस सिर्फ विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई करने, विपक्ष को धमकाने और उनके फोन टैप करने के लिए ही लगाई गई है।


उन्होंने कहा कि फलटण में डॉ. संपदा मुंडे को राजनीतिक और पुलिसिया उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या करनी पड़ी। इस मामले में सत्ताधारी भाजपा के पूर्व सांसद रंजीतसिंह निंबालकर का नाम है, लेकिन मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री बिना किसी जांच के उन्हें क्लीन चिट दे देते हैं। आज तक डॉ. संपदा मुंडे को न्याय नहीं मिला है, जबकि आरोपी सरकार के संरक्षण में बेखौफ घूम रहा है। मालेगांव की घटना से जनता में अपार आक्रोश है। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने पर जनता का यह विस्फोटक रोष सभी ने देखा है। सरकार अब भी नहीं जागी तो जनता का गुस्सा आपकी कुर्सियाँ उखाड़ फेंकेगा, ऐसी चेतावनी हर्षवर्धन सपकाल ने दी है।


■ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का जोरदार प्रचार.
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आज छत्रपति संभाजीनगर ज़िले के फुलंब्री और पैठण में स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया तथा भोकरदन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
इस दौरान सांसद डॉ. कल्याण काळे, पूर्व सांसद तुकाराम रेंगे पाटिल, सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष विलास औताडे, संभाजीनगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष किरण पाटिल डोणगावकर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र राख, कल्याण दले, प्रदेश सचिव कमाल फारूकी आदि उपस्थित थे।


