■ विधायक संजय उपाध्याय, भाजपा महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी और पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने की सख्त कार्रवाई की मांग।
श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

भायखला में हबीब बिल्डिंग दुर्घटना मामले में दो उत्तर भारतीय मजदूर मर गए थे। इस मामले में बिल्डर सुपारीवाला को बचाने के लिए पुलिस ने सुपारी लेते हुए दो उत्तर भारतीय मजदूरों के लाश की रू 5 लाख कीमत लगाई है।


ज्ञात हो कि 15 नवंबर को भायखला के टैंक पाखडी रोड के पास हबीब बिल्डिंग के रीडेवलपमेंट काम के दौरान पाईलिंग काम करते समय 5 मजदूर मिट्टी में फंस गए थे।राजू, राहुल दुबे, सज्जाद अली, शौकत अली और लाल मोहम्मद बगुल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर राजू और राहुल दुबे को मृत घोषित किया गया।


पुलिस ने जांच में पाया कि इमारत बाँधकाम के दौरान मजदूरों के सुरक्षा इंतजाम में लापरवाही बरती गई थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने अभियंता अफजल शेख और साइट सुपरवाइजर मोहम्मद शाहिद अगवान को गिरफ्तार कर लिया।हालाकि इस मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार मुख्य आरोपी बिल्डर इब्राहिम जुसाब सुपारीवाला का नाम पुलिस ने एफआईआर में दर्ज नहीं किया है।


उत्तर भारतीय मजदूरों की दुर्घटना में मौत और कार्रवाई को लेकर पुलिस द्वारा हो रही लापरवाही पर कड़ा एतराज व्यक्त करते हुए भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने सह पुलिस आयुक्त सत्यनारायण चौधरी से उचित कार्रवाई का निवेदन किया है। संजय उपाध्याय के निवेदन के बाद सत्यनारायण चौधरी ने इस मामले में बिल्डर इब्राहिम सुपारीवाला के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।संजय उपाध्याय ने कहा कि, ” मैं कोशिश करूँगा कि पुलिस बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और इसके अलावा उन मृतक मजदूरों के परिवार वालों को भी उचित आर्थिक सहायता करने की पूरी कोशिश करूँगा।”


इसी मामले पर भाजपा मुंबई महामंत्री पवन त्रिपाठी ने भी पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने भी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से आए मजदूरों की मृत्यु पर पुलिस की लापरवाह कार्रवाई पर रोष व्यक्त करते हुए पुलिस के आला अधिकारियों से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।





कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए