मुंबई वार्ता संवाददाता

आगामी गणेशोत्सव के मद्देनज़र अदाणी इलेक्ट्रिसिटी ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन विभाग के साथ साझेदारी कर गणेश मंडलों के स्वयंसेवकों को बिजली सुरक्षा का प्रशिक्षण देना शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थितियों में त्वरित व सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।


अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के सुरक्षा अधिकारी और बीएमसी आपदा प्रबंधन विभाग मिलकर मुंबई के विभिन्न गणेश मंडलों में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग प्रोग्राम’ आयोजित कर रहे हैं। आगामी सत्र खार, सांताक्रूज, चेंबूर, दहिसर और बोरिवली जैसे इलाकों में होंगे, जहां विशेषज्ञ स्वयंसेवकों को विद्युत सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां और व्यावहारिक कौशल प्रदान करेंगे।करीब 30 मिनट के इन सत्रों में खुदाई के दौरान सावधानियां, उचित विद्युत भार का निर्धारण, सही आकार व श्रेणी के उपकरणों का उपयोग, मौसम-रोधी सामग्री का चयन, वितरण कंपनी से कनेक्शन के लिए सही आवेदन, अस्थायी बिजली व्यवस्था के नियम, बारिश में सुरक्षा, सुरक्षित वायरिंग के तरीके और आपातकालीन व प्रकाश व्यवस्था की सुरक्षा जैसे विषयों को विस्तार से समझाया जाएगा।


अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के एक प्रतिनिधि ने कहा, “हम सुरक्षा की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस महत्वपूर्ण पहल में बीएमसी के साथ काम करके बेहद प्रसन्न हैं। हमारा लक्ष्य है कि गणेश मंडल के स्वयंसेवकों को जरूरी ज्ञान और बेहतरीन तरीके सिखाकर उन्हें सक्षम बनाना, ताकि वे बिजली की व्यवस्थाओं को सुरक्षित रूप से संभाल सकें और सभी भक्तों के लिए खुशी-खुशी और बिना किसी दुर्घटना के उत्सव सुनिश्चित कर सकें।”
कुर्ला वेस्ट के ‘कुर्लाचा महाराजा’ गणेश मंडल के प्रतिनिधि श्री समीर पवार ने कहा, “त्योहार के दौरान कई अस्थायी बिजली व्यवस्थाएं होती हैं, ऐसे में सही प्रक्रिया और सावधानियों की जानकारी हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हम बीएमसी और अदाणी इलेक्ट्रिसिटी का इस उपयोगी प्रशिक्षण के लिए आभार व्यक्त करते हैं।”अदाणी इलेक्ट्रिसिटी और बीएमसी आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी गणेश मंडलों से अपील की है कि वे इन प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि मुंबई में एक सुरक्षित और सफल गणेशोत्सव मनाया जा सके।


