श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई से सटे मीरा-भायंदर में सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बनाने और सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त Niket Kaushik, डीसीपी Sandeep Doiphod तथा क्राइम ब्रांच यूनिट-4 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक Pramod Badakh के मार्गदर्शन में की गई।


पुलिस ने मालाड के मालवणी इलाके में दो स्थानों तथा मनोर-गोराई क्षेत्र में एक फार्महाउस पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में रसायन, मशीनरी और अन्य उपकरण जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 13.65 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए रसायनों से लगभग 50 किलो एमडी ड्रग्स तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 100 करोड़ रुपये आंकी गई है।
■ गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में फिरदोस अरबाज कुरैशी, अरबाज वकील कुरैशी, मोइज जावेद खान, अरमान अली रैन, सुनील कमल यादव, मोहम्मद वसीम शेख, गुजरात निवासी इरफान कुड़िया, मोहम्मद अराफात अंसारी, खालदा अंसारी, आकाश यादव, अजीज खान और अकबर खान शामिल हैं। एक अन्य आरोपी की पहचान पुलिस ने गोपनीय रखी है।
■ कैसे हुआ खुलासा
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक, मालवणी के आजमी नगर पार्किंग लॉट स्थित एक दुकान और एक मैरिज हॉल के गोदामों पर छापा मारा गया। इसके बाद मनोर-गोराई स्थित एक फार्महाउस पर भी कार्रवाई की गई, जहां कथित रूप से एमडी ड्रग्स बनाने का सेटअप संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान करीब 255 लीटर रसायन बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल एमडी ड्रग्स निर्माण में होने की आशंका है।
पुलिस ने मैरिज हॉल से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि हॉल के मालिक वसीम को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। पुलिस के अनुसार, मनोर-गोराई स्थित फार्महाउस भी वसीम के नाम पर बताया जा रहा है।
■ पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी
यह पूरा मामला पहली बार 4 अप्रैल को सामने आया था, जब नयानगर पुलिस ने मीरा रोड स्थित एक फ्लैट पर छापा मारकर दंपती फिरदोस अरबाज कुरैशी और अरबाज वकील कुरैशी के पास से 1.324 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की थी। इसकी कीमत करीब 2.66 करोड़ रुपये बताई गई थी।
बाद में यह मामला क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट-4 को सौंपा गया। जांच के दौरान पुलिस को मुंबई और आसपास के इलाकों में सक्रिय एक बड़े संगठित ड्रग नेटवर्क का पता चला। पुलिस ने 4 अप्रैल से 7 मई के बीच करीब 6.773 किलो एमडी ड्रग्स भी जब्त की है और 10 लोगों को गिरफ्तार किया था।


