मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पांजरापूर स्थित मुंबई-3ए पंपिंग स्टेशन (उदंचन केंद्र) में 6.6 केवी उच्चदाब नियंत्रण पैनल (एचटी कंट्रोल पैनल) बदलने का महत्वपूर्ण कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है। यह कार्य मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से बुधवार, 29 जुलाई 2026 को सुबह 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान पांजरापूर से भांडुप जलशुद्धीकरण केंद्र को होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।


बीएमसी के अनुसार, इस कार्य के कारण दक्षिण मुंबई, पश्चिमी उपनगरों और पूर्वी उपनगरों के कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति लगभग 15 प्रतिशत तक कम हो सकती है। नागरिकों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।


बीएमसी ने बताया कि पांजरापूर पंपिंग स्टेशन पर पुराने हो चुके 10 उच्चदाब नियंत्रण पैनलों को अत्याधुनिक और अधिक सक्षम 10 नए कंट्रोल पैनलों से बदला जाएगा। पहले चरण में इन 10 में से 4 पैनलों का प्रतिस्थापन किया जाएगा।
सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से यह कार्य पूरा करने के लिए मुंबई-3ए पंपिंग स्टेशन को लगभग 20 घंटे तक बंद रखना आवश्यक होगा। इसी कारण भांडुप जलशुद्धीकरण केंद्र को मिलने वाली जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि संभावित जलापूर्ति में कमी को देखते हुए पहले से आवश्यक पानी का भंडारण कर लें और पानी का उपयोग सोच-समझकर करें, ताकि इस अवधि के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


