मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

महाराष्ट्र में TET, CET और NEET जैसी परीक्षाओं के कथित पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस और उसके छात्र संगठन NSUI ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। महाराष्ट्र प्रदेश NSUI के अध्यक्ष सागर सालुंखे और मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने शिक्षा मंत्री दादा भुसे से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सात दिनों के भीतर इस्तीफा देने की मांग की है।


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों और संगठनों के साथ मिलकर पूरे महाराष्ट्र में उग्र आंदोलन करेगी।
मुंबई के तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा विभाग पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आरोप लगाया। इस दौरान NSUI और युवक कांग्रेस ने “जेन ज़ी यूनिवर्सिटी” के नाम से शिक्षा मंत्री दादा भुसे की प्रतीकात्मक मार्कशीट जारी कर उन्हें शिक्षा क्षेत्र में कथित विफलताओं के आधार पर “अनुत्तीर्ण (फेल)” घोषित किया।


सागर सालुंखे ने आरोप लगाया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भाजपा-महायुति सरकार ने शिक्षा को सेवा के बजाय कमाई का माध्यम बना दिया है। उन्होंने कहा कि TET और CET पेपर लीक से छह लाख से अधिक छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जबकि सरकार ने अब तक जिम्मेदारी तय नहीं की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षकों से बीएलओ का कार्य कराए जाने से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अतिरिक्त कार्यभार के कारण शिक्षकों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है।
सालुंखे ने दावा किया कि स्कूल शिक्षा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा चिकित्सा शिक्षा विभागों में व्यापक भ्रष्टाचार और अव्यवस्था है। उन्होंने नंदुरबार में आदिवासी छात्रों से कथित अवैध वसूली, फर्जी नर्सिंग स्कूलों की बढ़ती संख्या, COEP कॉलेज में अधिक शुल्क वसूली तथा 11वीं कक्षा की प्रवेश प्रक्रिया में देरी जैसे मुद्दों को भी उठाया। उनका आरोप था कि प्रवेश प्रक्रिया के लिए ₹5 करोड़ का टेंडर दिए जाने के बावजूद अब तक चार लाख छात्रों का दाखिला नहीं हो सका है।
मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने कहा कि TET पेपर लीक के विरोध में युवक कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही है, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री दादा भुसे का इस्तीफा नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ज़ीनत शबरीन ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य पेपर लीक से प्रभावित हुआ है, जबकि दूसरी ओर “थैंक यू मोदी” अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और दर्ज मामलों को लेकर भाजपा को जवाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता में NSUI के प्रदेश महासचिव ऋषिकेश खंडाले ने शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार, लापरवाही और अव्यवस्था पर प्रस्तुति दी। इस अवसर पर दक्षिण मध्य मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष प्रज्ञा ढवले भी उपस्थित थीं।


