मुंबई के डब्बावालों को बड़ी राहत: इलाज के लिए ₹25 हजार की सहायता, सभी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने मुंबई डब्बावाला संघ (मुंबई टिफिन बॉक्स सप्लायर्स एसोसिएशन) की विभिन्न मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि महानगरपालिका डब्बावालों की सभी न्यायोचित मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंजीकृत डब्बावालों को चिकित्सा उपचार के लिए महापौर चिकित्सा सहायता निधि से तत्काल ₹25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।


सोमवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर रितू तावड़े ने डब्बावाला संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक में विधायक श्रीकांत भारतीय, मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे, सभागृह नेता गणेश खणकर, स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं डब्बावाला संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान डब्बावाला संघ ने अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन महापौर और मनपा आयुक्त को सौंपा। प्रमुख मांगों में बांद्रा (पश्चिम) स्थित डब्बावाला भवन को निशुल्क उपलब्ध कराने, अब तक का किराया विशेष मामले के रूप में पूरी तरह माफ करने, भवन के आसपास की सड़क का नाम संघ के संस्थापक दिवंगत महादू हावजी बच्चे के नाम पर रखने, प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पास डब्बावालों के लिए सुरक्षित साइकिल पार्किंग की व्यवस्था करने, मनपा अस्पतालों में पंजीकृत डब्बावालों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने तथा चर्चगेट स्टेशन के सामने स्थित ऐतिहासिक डब्बा आदान-प्रदान स्थल को ‘मुंबई डब्बावाला पर्यटन केंद्र’ के रूप में विकसित करने की मांग शामिल है।


महापौर रितू तावड़े ने कहा कि मुंबई के डब्बावाले केवल एक सेवा नहीं, बल्कि शहर की श्रम संस्कृति और अनुशासन के प्रतीक हैं। उनकी कार्यप्रणाली दुनिया भर के प्रबंधन संस्थानों के लिए प्रेरणा रही है। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान करना और उनकी उचित मांगों को पूरा करना महानगरपालिका की सामाजिक जिम्मेदारी है।


विधायक श्रीकांत भारतीय ने कहा कि करीब 130 वर्षों से सेवा दे रहे मुंबई के डब्बावाले शहर की पहचान बन चुके हैं। वारकरी परंपरा से जुड़े इस संगठन ने मुंबई की संस्कृति में सम्मानजनक स्थान बनाया है और इसकी आने वाली पीढ़ियों को भी मजबूत बनाने के लिए महानगरपालिका का सहयोग आवश्यक है।
महापौर ने आश्वासन दिया कि डब्बावाला संघ की सभी मांगों को महानगरपालिका की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाकर उनका समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। साथ ही, चिकित्सा सहायता के लिए ₹25 हजार की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

भारत अगला येल्लाप्रगड़ा सुब्बाराव कैसे तैयार कर सकता है ?

प्रोफ़ेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित ( जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय/...