मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मानखुर्द स्थित जनता नगर इलाके में रविवार रात करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला कच्ची चाल (ग्राउंड प्लस तीन मंजिल) की 2 से 3 झोपड़ीनुमा आवासीय इकाइयां अचानक भरभराकर गिर गईं। हादसे में 5 मासूम बच्चों और एक महिला सहित कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई की महापौर रितू तावड़े गोवंडी स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय शताब्दी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान विधायक अबू आसिम आजमी और रुक्साना सिद्दीकी भी मौजूद रहे।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मानखुर्द के हनुमान मंदिर के पास जनता नगर की चाल नंबर-5 में स्थित कच्चे मकानों के ढहने से कई लोग मलबे में फंस गए थे। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), मुंबई अग्निशमन दल, स्थानीय पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
स्थानीय नगरसेवक नवनाथ बन भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य का समन्वय करते रहे।
घायलों और पीड़ितों को गोवंडी के पंडित मदन मोहन मालवीय शताब्दी अस्पताल तथा घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, शताब्दी अस्पताल में एक महिला, तीन बच्चियों और एक बालक को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि राजावाड़ी अस्पताल में एक अन्य बालक को मृत घोषित किया गया। वहीं एक घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।


