मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबईे समुद्र किनारों पर इन दिनों जेलीफिश जैसे दिखने वाले जहरीले समुद्री जीव ‘ब्लू बॉटल’ (Blue Bottle) बड़ी संख्या में दिखाई दे रहे हैं। अलिबाग के बाद अब मुंबई के प्रमुख बीचों पर भी इनका जमावड़ा बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।


ये नीले रंग के जीव दिखने में आकर्षक होते हैं और अक्सर प्लास्टिक की छोटी थैली या बटन जैसे नजर आते हैं, लेकिन इनके लंबे तंतुओं में जहरीला विष होता है। इनके संपर्क में आने से त्वचा पर तेज जलन, खुजली, लाल चकत्ते और गंभीर दर्द हो सकता है।


■ इन समुद्र तटों पर ज्यादा दिख रहे
Juhu Beach, Girgaum Chowpatty, Alibag, Varsoli Beach और Nagaon Beach जैसे प्रमुख तटों पर ये जीव अधिक संख्या में पाए जा रहे हैं। आमतौर पर ये मई-जून (प्री-मानसून) और जून से अक्टूबर (मानसून) के दौरान समुद्र किनारे बहकर आते हैं।
क्या सावधानी बरतें?
● इन जीवों को हाथ से छूने की गलती न करें
● समुद्र तट पर नंगे पांव न चलें, चप्पल या जूते पहनें
● समुद्र में तैरने या जाने से बचें
■ दंश होने पर क्या करें?
अगर गलती से संपर्क हो जाए तो घबराएं नहीं। प्रभावित हिस्से को समुद्र के पानी से धोएं। इसके बाद 15-20 मिनट तक सहन करने योग्य गर्म पानी में उस हिस्से को रखें, जिससे दर्द कम हो सकता है। ज्यादा परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
प्रशासन और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि आकर्षक दिखने के बावजूद इन जहरीले समुद्री जीवों से दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।


