मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अपने स्कूलों में पहली से दसवीं कक्षा तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए लगातार दो शैक्षणिक वर्षों हेतु स्कूल यूनिफॉर्म खरीदने का निर्णय लिया है। इस योजना पर 118 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस संबंध में प्रस्ताव शुक्रवार को स्थायी समिति की मंजूरी के लिए रखा जाएगा।


बीएमसी स्कूलों में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं। अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से महानगरपालिका हर वर्ष विद्यार्थियों को 27 प्रकार की शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराती है। इनमें पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग, छाता, जूते, रेनकोट, पानी की बोतल, पेंसिल, नोटबुक, यूनिफॉर्म सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।


महानगरपालिका की मराठी, हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और उर्दू माध्यम की स्कूलों में तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलता है।
शैक्षणिक वर्ष 2026-27 और 2028-29 के लिए 27 शैक्षणिक वस्तुओं की खरीद की जा रही है, जिसमें यूनिफॉर्म और नोटबुक भी शामिल हैं। यूनिफॉर्म में नियमित स्कूल ड्रेस के साथ खेलकूद (स्पोर्ट्स) यूनिफॉर्म भी दी जाएगी। यह प्रस्ताव स्थायी समिति की मंजूरी के लिए भेजा गया है और शुक्रवार को इसे स्वीकृति मिलने की संभावना है।
इस बार पहली बार शैक्षणिक सामग्री की खरीद के लिए जेम (GeM) पोर्टल का उपयोग किया गया है। इसके चलते पहले महाटेंडर पोर्टल पर जारी की गई निविदा प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया है।
■ पहले सप्ताह में बांटी जाएंगी नोटबुक
पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मुफ्त नोटबुक उपलब्ध कराने की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विद्यार्थियों को विभिन्न पृष्ठ संख्या वाली नोटबुक के साथ चित्रकला और निबंध लेखन की विशेष कॉपियां भी दी जाएंगी। इनका वितरण नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के पहले सप्ताह में करने की योजना बनाई गई है।
■ हर साल एक यूनिफॉर्म, दो साल में एक स्पोर्ट्स ड्रेस
बीएमसी के शिक्षा विभाग के अनुसार विद्यार्थियों को हर वर्ष एक स्कूल यूनिफॉर्म और दो वर्ष में एक बार स्पोर्ट्स यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों की आयु और आकार (साइज) के अनुसार यूनिफॉर्म तैयार कर वितरित की जाएगी। विभाग का कहना है कि जून माह के अंत तक सभी यूनिफॉर्म महानगरपालिका स्कूलों में पहुंच जाएंगी।


