श्रीश उपाध्याय/यश भारत

मुंबई में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने एक अहम पहल की है। समिति ने मुंबई की महापौर रितु तावडे को पत्र लिखकर अंधेरी स्थित सेवनहिल्स अस्पताल को अधिग्रहित कर उसे एक अत्याधुनिक सरकारी अस्पताल में बदलने की मांग की है।


पूर्व उपमहापौर राजेश शर्मा द्वारा लिखे गए इस पत्र में कहा गया है कि सेवन हिल्स हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड का अस्पताल मुंबई के लिए एक बड़ा हेल्थकेयर हब बन सकता है। पत्र के अनुसार, 1500 बेड, 120 ओपीडी कक्ष और 36 ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाओं के साथ यह अस्पताल पहले से ही बड़े पैमाने पर सेवाएं देने में सक्षम है।


पत्र में सुझाव दिया गया है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) इस अस्पताल को अपने नियंत्रण में लेकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के अस्पताल, रिसर्च सेंटर और मेडिकल-नर्सिंग कॉलेज के रूप में विकसित करे। इससे न केवल मुंबई की बढ़ती आबादी पर स्वास्थ्य सेवाओं का दबाव कम होगा, बल्कि भविष्य में किसी भी महामारी जैसी स्थिति से निपटने में भी मदद मिलेगी।इसके अलावा, इस परियोजना के जरिए मुंबई में एम्स जैसी सुविधा विकसित करने, मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को सस्ती एवं उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है।


पत्र में यह भी उल्लेख है कि अस्पताल पर बकाया लगभग 1200 करोड़ रुपये के वित्तीय विवाद को सुलझाकर सरकार इस संपत्ति का बेहतर उपयोग कर सकती है।अंत में, सरकार से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कानूनी, वित्तीय और नीतिगत कदम उठाने की अपील की गई है, ताकि मुंबई के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा सके।


