मुंबई वार्ता संवाददाता

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया है कि मुक्त वैश्विक व्यापार समझौतों के तहत भारत अपने राष्ट्रीय हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।


मुंबई में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर भारत ने दुनिया के 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों की प्रक्रिया शुरू की है, जिससे वैश्विक व्यापार का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुल गया है। इन समझौतों से देश को अधिकतम लाभ मिलेगा और किसानों सहित किसी भी क्षेत्र के हितों को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।


उन्होंने भरोसा दिलाया कि कृषि, दूध और जीएम फूड जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को इन समझौतों से अलग रखा गया है, ताकि किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहें। साथ ही, अन्य क्षेत्रों को वैश्विक बाजारों में नई और अभूतपूर्व संभावनाएं मिलेंगी, जिससे निर्यात, रोजगार और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
गोयल ने कहा कि “विकसित भारत” के लक्ष्य की पूर्ति में अब कोई भी शक्ति बाधा नहीं डाल सकती। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री के कर्तव्यभाव और विकास दृष्टि को दर्शाता है।
■ केंद्रीय बजट से महाराष्ट्र को बड़ा लाभ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मौजूदा बजट से महाराष्ट्र और विशेष रूप से मुंबई को बड़ा लाभ मिलेगा। रेलवे परियोजनाओं के लिए महाराष्ट्र को 24 हजार करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इसके अलावा, पुणे और नागपुर को ग्रोथ हब के रूप में विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में प्रत्येक शहर को 5 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मुंबई–पुणे और पुणे–हैदराबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे, मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन, वधावन बंदरगाह, तीसरा हवाई अड्डा और पर्यटन विकास जैसी परियोजनाओं से राज्य को व्यापक लाभ होगा।
■ कांग्रेस पर तीखा हमला
गोयल ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस योजना है और न ही विकास का स्पष्ट रोडमैप। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने और झूठे आरोप लगाने का काम कर रही है। राहुल गांधी और उनकी गठबंधन राजनीति को जनता पहले ही नकार चुकी है, इसलिए कांग्रेस के निराशाजनक प्रयास सफल नहीं होंगे।
पत्रकार परिषद में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे। गोयल ने दोहराया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत का विकास पथ मजबूत है और आने वाला समय देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों का होगा।


