• मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान शीर्षक गीत का लोकार्पण.
मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य में पिछले कुछ दिनों में आई बाढ़ की स्थिति के कारण मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान के कार्यान्वयन में बाधा उत्पन्न हुई थी। लेकिन अब इस अभियान को नई शुरुआत दी गई है और इसके प्रभावी कार्यान्वयन से गांवों की समृद्धि को नई दिशा मिलेगी, ऐसा विश्वास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया।


विदर्भ भवन स्थित मंत्रिपरिषद सभागार में मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान के शीर्षक गीत का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान दूर-संवाद प्रणाली (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल सरपंचों, ग्राम विकास अधिकारियों, समूह विकास अधिकारियों तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर ग्राम विकास एवं पंचायतराज मंत्री जयकुमार गोरे भी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पिछले दस वर्षों में राज्य में चलाए गए किसी भी बड़े अभियान की सफलता देखें तो उसमें जनसहभाग का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। जनसहभाग के बिना कोई भी अभियान सफल नहीं होता। जलयुक्त शिवार अभियान इसका उत्तम उदाहरण है। इस अभियान के कारण जल साक्षरता बढ़ी और राज्य को जलसंपन्न बनाने में सहायता मिली। जलयुक्त शिवार के माध्यम से महाराष्ट्र देश में ‘रोल मॉडल’ के रूप में उभरा। इसी के साथ नरेगा 11 कलमी कार्यक्रम तथा मागेल त्याला शेततळे अभियान भी सफलतापूर्वक लागू किए गए।


उन्होंने कहा कि गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान लागू किया जा रहा है। यह अभियान जनसहभाग के माध्यम से ही सफल होगा। ग्राम पंचायतें डिजिटल, स्व-आर्थिक रूप से सक्षम तथा पर्यावरण के अनुकूल बनें—इस उद्देश्य के लिए यह अभियान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। ग्राम सभाओं में इस अभियान को समर्थन देने वाले कलाकार भी उपस्थित रहेंगे, ऐसा भी मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया।


मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे कहा कि इस अभियान के कार्यान्वयन से गांवों में समृद्धि की एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा निर्माण होगी। इसलिए सभी ग्राम पंचायतों को चाहिए कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभाग लेकर इसे सफल बनाएं।ग्रामविकास एवं पंचायतराज मंत्री जयकुमार गोरे ने अभियान की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की। ग्रामविकास विभाग के प्रधान सचिव एकनाथ डवले ने उपस्थित लोगों का आभार माना।
कार्यक्रम में अभिनेता भारत गणेशपुरे, संदीप पाठक, पृथ्वीक प्रताप, अभिनेत्री शिवाली परब तथा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
● संक्षेप में:
मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियानग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन संस्थाओं—ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद—के स्तर पर केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु प्रतिस्पर्धा हो, इस उद्देश्य से सन 2025-26 से तालुका, जिला, राजस्व विभाग और राज्य—इन चार स्तरों पर प्रतिस्पर्धात्मक स्वरूप में “मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान” लागू किया जा रहा है।
● इस अभियान के मुख्य घटक हैं:
• ग्राम पंचायतों को सक्षम, सुशासनयुक्त, जलसमृद्ध, स्वच्छ एवं हरित बनाना.
• मनरेगा व अन्य योजनाओं का अभिसरण.
• आजीविका विकास एवं सामाजिक न्याय.
• जनसहभाग व श्रमदान के माध्यम से जनचेतना निर्माणअभियान के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतराज संस्थाओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।


