श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के मुलुंड पश्चिम स्थित लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो लाइन-4 परियोजना में लगातार हो रहे हादसों को लेकर भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) के आयुक्त संजय मुखर्जी को पत्र लिखकर हाल ही में हुए लकड़ी का तख्ता गिरने की घटना की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


अपने पत्र में कोटेचा ने कहा कि हाल ही में एक चलती कार पर लकड़ी का तख्ता गिरने की घटना बेहद गंभीर है और यह स्पष्ट रूप से लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने एमएमआरडीए से इस मामले में तत्काल जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।


कोटेचा ने यह भी मांग की है कि इससे पहले इसी स्थान पर हुए पैरापेट वॉल (दीवार) गिरने की घटना की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले इस साइट पर दीवार का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे।
सोमवार सुबह हुई ताजा घटना उसी जगह से महज 10 मीटर की दूरी पर हुई, जहां एक लकड़ी का तख्ता चलती कार पर गिरा। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों के पालन में कमी को दर्शाती हैं।
विधायक कोटेचा ने संबंधित ठेकेदार कंपनी Milan Buildtech LLC का ठेका रद्द करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस तरह की लगातार लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने एमएमआरडीए से पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई कर जनता का भरोसा बहाल करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।


