मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

पश्चिम रेल्वे के राजकोट मंडल ने ‘स्वच्छता ही सेवा-2025’ अभियान के अंतर्गत एक व्यापक वृक्षारोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना था।अभियान की शुरुआत राजकोट डिपो स्थित वॉशिंग लाइन परिसर में राजकोट मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री गिरिराज कुमार मीना द्वारा पौधारोपण के साथ हुई।


इस दौरान मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।इस पहल के तहत, मंडल के विभिन्न 60 स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लगभग 450 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और कुल 600 पौधे लगाए।इसके अतिरिक्त, पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए राजकोट स्टेशन पर यात्रियों को 500 पौधे वितरित किए गए।


अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) कौशल कुमार चौबे की अगुवाई में यह वितरण संपन्न हुआ। इन पौधों को पुनः उपयोग योग्य थैलियों में दिया गया, जिससे पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार का संदेश प्रसारित हो सके।मंडल ने आगामी चरण में ‘स्वच्छता ही सेवा-2025’ अभियान के तहत 1500 और पौधों का वितरण करने का निर्णय लिया है। इस पहल से स्वच्छता और हरियाली का संदेश समाज तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा रहा है।


