मुंबई वार्ता संवाददाता

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा 24 सितंबर 2026 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए जाने और उनके इस्तीफे की मांग किए जाने के बाद दक्षिण मुंबई जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।


दक्षिण मुंबई जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज की निष्पक्ष जांच कराने, आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास कायम रखने के लिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर गुरुवार, 1 अक्टूबर को विरोध रैली निकाली जाएगी।


रैली दोपहर 2 बजे मुंबई कांग्रेस कार्यालय के प्रेस क्लब गेट के पास से शुरू होगी और जिलाधिकारी, मुंबई शहर कार्यालय की ओर रवाना होगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवी बावकर ने दक्षिण मुंबई जिले के कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल तथा विभिन्न सेल और विभागों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।
कांग्रेस की ओर से इस आंदोलन को लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही से जोड़ते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज को लेकर उठाए गए सवालों की जांच की मांग की जा रही है।
विशेष सूचना: विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी कार्यकर्ताओं से काले कपड़े पहनकर आने की अपील की गई है।


