कृष्ण गोपाल सिंह/मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने एक पत्र जारी कर वरिष्ठ नगरसेवक वा पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष शेट्टी को भाजपा पार्टी गट नेता नियुक्त करने का निर्देश दिया है। भिवंडी भाजपा मनपा चुनावों में 22 नगरसेवकों को निर्वाचित करके दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।


भिवंडी मनोज चुनावों में भाजपा से निर्वाचित वरिष्ठ पार्षदों संतोष शेट्टी, प्रकाश टावरे, नीलेश चौधरी, नारायण चौधरी, यशवंत टावरे, सुमित पाटिल और वैभव भोइर ने पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में मनपा गट नेता पद के लिए अपना नामांकन प्रस्तुत कर अपना दावा पेश किया था। इसलिए, स्थानीय पार्टी संगठन की ओर से प्रभारी विधायक महेश चौघुले और जिला अध्यक्ष रवि सावंत ने गट नेता के चयन का निर्णय राज्य के वरिष्ठ नेताओं को सौंप दिया था।


संतोष शेट्टी लगातार छठी बार नगरसेवक का चुनाव जीत चुके हैं और लगातार दो कार्यकालों तक आठ वर्षों तक भाजपा जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी को उनके अनुभव से निश्चित रूप से लाभ होगा, इसलिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सिफारिश पर राज्य अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने संतोष शेट्टी के नाम को प्राथमिकता दी है और भिवंडी भाजपा जिला अध्यक्ष रवि सावंत को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि मनपा गट नेता पद के लिए संतोष शेट्टी का नाम तय किया गया है।
इस चुनाव के बाद भाजपा पार्टी में संतोष शेट्टी के नेतृत्व को एक बार फिर समर्थन मिलेगा। भिवंडी मनपा क्षेत्र विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार से बड़ी मात्रा में धनराशि लाकर शहर के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और संतोष शेट्टी ने जवाब दिया है कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का विश्वास तोड़े बिना यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि भाजपा शहर में नंबर एक बनी रहे।


