मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा में तैनात 41 वर्षीय मुंबई पुलिस कांस्टेबल गणेश रायते की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। वह बांद्रा स्थित सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे।


जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे गणेश रायते को अचानक बेचैनी महसूस हुई और वह वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए बांद्रा के भाभा अस्पताल के आपातकालीन विभाग में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल की मौत हृदयाघात के कारण होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गणेश रायते मुंबई पुलिस की एलए-4 यूनिट में तैनात थे। बताया गया है कि पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी सेवा दे चुके थे। ड्यूटी के दौरान उनकी अचानक हुई मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
सलमान खान की सुरक्षा पिछले कुछ वर्षों से बढ़ाई गई है। अप्रैल 2024 में उनके बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई थी। अभिनेता को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से लगातार धमकियां मिलने के कारण उनके आवास के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद कांस्टेबल गणेश रायते की मौत की सटीक वजह सामने आएगी।


