श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

सांताक्रूज पूर्व के गोलिबार रोड पर सोमवार को गटर की सफाई के दौरान दो निजी मजदूरों के मैनहोल में गिरने से हादसा हो गया। बीएमसी दमकल विभाग ने दोनों को बाहर निकालकर वी.एन. देसाई अस्पताल पहुंचाया, जहां एक मजदूर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज आईसीयू में चल रहा है।


बीएमसी मुंबई अग्निशमन विभाग के अनुसार, हादसा 28 सितंबर को सुबह करीब 10:56 बजे 8वें गोलिबार रोड, वी.एन. देसाई अस्पताल के सामने स्थित भाव्या निकेतन सोसायटी में हुआ। सोसायटी ने अपने भवन की आंतरिक सीवर लाइन की सफाई का काम किसी निजी व्यक्ति को दिया था। सफाई का काम करने वाले लोग बीएमसी के कर्मचारी नहीं थे।


जानकारी के मुताबिक, सोसायटी की चारदीवारी के भीतर स्थित आंतरिक ड्रेनेज लाइन की सफाई के दौरान संबंधित निजी कर्मियों ने बीएमसी को सूचित किए बिना नगरपालिका के सीवर मैनहोल का ढक्कन खोल दिया। इसी दौरान दो व्यक्ति मैनहोल के अंदर गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों लोगों को मैनहोल से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें वी.एन. देसाई अस्पताल ले जाया गया। बचाव अभियान में बीएमसी मुंबई अग्निशमन विभाग, पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों ने हिस्सा लिया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अज्ञात व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से एक को चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे व्यक्ति को आवश्यक उपचार के लिए मेडिकल आईसीयू (एमआईसीयू) में भर्ती किया गया है।
बीएमसी के अनुसार, घटना की आगे की जानकारी और दोनों मजदूरों की पहचान से संबंधित विवरण की प्रतीक्षा है। हादसे को लेकर पुलिस की ओर से भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।


