■ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के साकीनाका इलाके में दिनदहाड़े एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस घटना ने इलाके में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता जब रास्ते से अपने घर की ओर जा रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोपी ने अपने मोबाइल फोन पर लड़की को अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ जबरदस्ती गैरवर्तन (विनयभंग) करने की कोशिश की।दिन के उजाले में और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना ने स्थानीय नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। इस हरकत के बाद से स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल है।
साकीनाका पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।अज्ञात आरोपी के खिलाफ विनयभंग और पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।जांच अधिकारियों ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।


