ठगी के 61 मामलों में नामजद अपराधी क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

खुद को स्थानीय नगरसेवक या शाखा अध्यक्ष बताकर चोरी का डर दिखाने और लोगों के सोने के आभूषण तथा नकदी सुरक्षित रखने के बहाने ठगी करने वाले 56 वर्षीय शातिर आरोपी को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अब तक 61 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा वह मुंबई, मुंबई रेलवे और नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के सात मामलों में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को शाम 4:45 बजे से 5:45 बजे के बीच आरोपी ने एन.एम. जोशी मार्ग पुलिस थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने खुद को स्थानीय नगरसेवक अथवा शाखा अध्यक्ष बताकर शिकायतकर्ताओं से संपर्क किया। उसने इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ने की बात कहकर उन्हें विश्वास में लिया। इसके बाद उनके शरीर पर पहने सोने के आभूषण और नकदी को सुरक्षित रखने का झांसा दिया।

आरोपी ने आभूषण और नकदी को कपड़े में बांधकर बैग में रखने के लिए कहा और हाथ की सफाई दिखाते हुए मौका पाकर कीमती सामान निकाल लिया। इस तरह उसने दोनों शिकायतकर्ताओं के साथ ठगी की। इन घटनाओं के संबंध में एन.एम. जोशी मार्ग पुलिस थाने में दो मामले दर्ज किए गए थे।

■ तकनीकी और मानवीय जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मुंबई और मुंबई उपनगरों में इसी तरह की कई ठगी की घटनाएं सामने आई थीं। हालांकि, आरोपी की पहचान और उसका पता नहीं चल पाने के कारण ये मामले अनसुलझे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच के अपराध अन्वेषण विभाग की कक्ष-3 के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तकनीकी जांच तथा मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।लगातार जांच और प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 20 नवंबर 2026 को महालक्ष्मी नगर, नायगांव स्टार सिटी, नायगांव पूर्व, वसई-विरार से आरोपी को हिरासत में ले लिया।

■ 61 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में कुल 61 मामले दर्ज हैं। वह मुंबई, मुंबई रेलवे और नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के सात मामलों में वांछित था। पकड़ा गया आरोपी 56 वर्षीय पुरुष है और मूल रूप से भिवंडी का निवासी है। आगे की जांच के लिए उसे एन.एम. जोशी मार्ग पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।

■ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण) राज तिलक रौशन और सहायक पुलिस आयुक्त (डी-मध्य) सदानंद राणे के मार्गदर्शन में की गई।क्राइम ब्रांच कक्ष-3 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक गणेश पिसाळ के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक सिद्धेश जोष्टे, पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्नील काकळीज़, पुलिस हवलदार विनोद परब, रविंद्र देसाई, वैभव गिरकर, बिपीन कोचरेकर, वासुदेव परब, हितेश म्हात्रे और पुलिस कांस्टेबल विकास चव्हाण ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related