मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के अंधेरी इलाके में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मात्र 13,000 रुपये महीने के किराए पर लिए गए एक छोटे से कमरे से करीब 30 करोड़ रुपये का ड्रग्स कारोबार संचालित किया जा रहा था। सहार रोड स्थित भास्कर चाल में एमडी (सिंथेटिक ड्रग्स) बनाने की फैक्ट्री चल रही थी, जिसका पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।


खार पुलिस ने इस मामले में कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद आरिफ मोहम्मद इलियास शेख (44) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले से ही गुजरात पुलिस की हिरासत से फरार था और पिछले कुछ समय से मुंबई में सक्रिय होकर ड्रग्स का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।


पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एक साधारण से कमरे में ही एमडी ड्रग्स बनाने का सेटअप तैयार कर रखा था। यहां तैयार ड्रग्स को स्थानीय स्तर पर न बेचकर बाहरी नेटवर्क के जरिए अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था, ताकि पुलिस को शक न हो। जानकारी के अनुसार, हर महीने 25 से 30 करोड़ रुपये के ड्रग्स का उत्पादन कर उसे बाहर भेजा जा रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब खार पुलिस ने गश्त के दौरान संदिग्ध हालात में आरोपी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 15.44 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने अंधेरी स्थित कमरे पर छापा मारकर ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण जब्त किए।
इस रैकेट में शामिल एक अन्य आरोपी रिजवान अहमद लियाकत अली को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क काफी बड़े स्तर पर फैला हुआ है और इसमें कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की पत्नी नसरीन ड्रग्स से कमाए गए पैसों को संभालती थी। पुलिस ने उसके बैंक खाते में जमा 26 लाख रुपये फ्रीज़ कर दिए हैं।
मोहम्मद आरिफ शेख के खिलाफ पहले से 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुजरात में एक ड्रग्स केस में उसे 10 साल की सजा भी हो चुकी है। वर्ष 2023 में पैरोल पर रिहा होने के बाद वह फरार हो गया था और तब से मुंबई में सक्रिय था।
इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।


