30 जुलाई से शुरू होगा ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे शुभारंभ।

Date:

श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

युवाओं को नशे की लत से बचाने और स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) 30 जुलाई से ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों वरली में आयोजित कार्यक्रम में होगा।


बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने मंगलवार को आयोजित समन्वय बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस अभियान में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए सही उम्र में परामर्श और जागरूकता बेहद जरूरी है तथा इसकी शुरुआत स्कूल और कॉलेजों से की जानी चाहिए।


यह अभियान कौशल, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री तथा मुंबई उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की पहल पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी मौजूद रहेंगी।


बीएमसी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि महानगरपालिका और निजी स्कूलों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए। वरली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र नशामुक्ति की शपथ लेंगे, जबकि शहर के अन्य स्कूलों के विद्यार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे। अभिभावक-शिक्षक संघों को भी इस शपथ अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।


अभियान में बीएमसी के अस्पतालों के डॉक्टर, चिकित्सा अधिकारी, निजी चिकित्सक, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, लगभग 150 स्वयंसेवी संस्थाएं तथा गणेशोत्सव और नवरात्र मंडलों के पदाधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा।


बीएमसी आयुक्त ने बेस्ट बसों और मेट्रो स्टेशनों पर भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। नागरिक ऑनलाइन शपथ लेने के लिए drugfreemumbai.org वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकेंगे, जहां शपथ लेने के बाद तुरंत डिजिटल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

ठाणे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार।

मुंबई वार्ता संवाददाता महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने...