■ मुंबई की संस्था का अयोध्या धाम में दो दिवसीय आयोजन
● सुग्रीव किले में 51 संस्थाओं के 151 श्रद्धालु करेंगे पाठ
वरिष्ठ संवाददाता/मुंबई वार्ता
रामचरितमानस के प्रचार प्रसार के लिए समर्पित मानस परिवार सेवा ट्रस्ट मुंबई के संयोजन में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
ट्रस्ट के संयोजन में मुंबई से लगभग 51 संस्थाओं से जुड़े 151 श्रद्धालुओं का जत्था श्री तीर्थ क्षेत्र अयोध्या धाम में स्थित सुग्रीव किला में 11 से 12 अप्रैल तक आयोजित संगीतमय रामचरितमानस पाठ में शामिल होगा।
इसके लिए श्रद्धालुओं का जत्था 8 अप्रैल को मुंबई से रवाना होगा। 9 अप्रैल को पहुंचकर 10 अप्रैल तक तैयारी की जाएगी। संस्था अध्यक्ष प्रमोद हंसराज पांडेय ने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से संस्था मुंबई और इसके उपनगरों में रामचरितमानस पाठ और सुंदरकांड पाठ करती आ रही है। संस्था की कई दर्जन समितियों के सदस्य आयोजन करने वाले धर्म प्रेमियों के यहां निशुल्क पाठ करते हैं। अब हमने रामजन्म भूमि अयोध्या स्थित सुग्रीव किला में अखंड रामचरितमानस पाठ करने जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सुग्रीव किलाधीश श्रीमज्जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी विश्वेशप्रपन्नाचार्य महाराज के सानिध्य में 11 अप्रैल को सुबह 8 बजे पाठ प्रारंभ होगा। 12 अप्रैल को दोपहर 12 बजे समापन के बाद होने वाले शाम 5 बजे हवन की पूर्णाहुति की जाएगी। इसके बाद महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। आसपास के मंदिरों का दर्शन करने के बाद मानस प्रेमी 14 अप्रैल को मुंबई के लिए रवाना होंगे।


