मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (एमसीजेडएमए) ने मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा निर्मित उत्तान-विरार सी लिंक परियोजना को मंज़ूरी दे दी है।प्रस्तावित सी लिंक, जिसके तीन कनेक्टर ठाणे ज़िले के उत्तान और पालघर ज़िले के वसई और विरार में हैं, ९ अप्रैल को एमसीजेडएमए को प्रस्तुत किया गया था और ११ जुलाई को इसे मंज़ूरी मिल गई है।


राज्य की पर्यावरण सचिव जयश्री भोज ने कहा कि प्रस्ताव अब केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को मंज़ूरी के लिए भेजा जाएगा।उत्तान-विरार सी लिंक के कनेक्टर, तुंगारेश्वर वन्यजीव अभयारण्य के पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र में २.५ हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि के अलावा, मैंग्रोव से आच्छादित १५.३९ हेक्टेयर वन भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव रखेंगे।
एमएमआरडीए इस परियोजना के लिए २०८.६ हेक्टेयर निजी भूमि का भी अधिग्रहण करेगा।एमएमआरडीए द्वारा ९४ किलोमीटर लंबे वर्सोवा-विरार समुद्री पुल को रद्द करने के बाद, उत्तान (भायंदर-विरार) के बीच ५५ किलोमीटर लंबा समुद्री पुल बनाने का निर्णय डेढ़ साल पहले लिया गया था। इसलिए, इस 55 किलोमीटर (एक्सप्रेसवे सहित) समुद्री पुल के लिए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा एक नया व्यवहार्यता अध्ययन कराया गया है।
उत्तान-विरार समुद्री पुल का काम पहले चरण में किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में इसे विरार-पालघर तक बढ़ाया जाएगा।


