रवीन्द्र मिश्रा । मुंबई वार्ता

हनुमान चालीसा का नित्य पाठ मनुष्य की सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करता है। इसके नियमित पाठ से न केवल व्यक्तिगत जीवन में सुख-शांति आती है, बल्कि देश भी समृद्धिशाली, शक्तिशाली और कल्याणकारी बनता है। यह कहना है प्रसिद्ध भजन गायक प्रेम प्रकाश दुबे का।


दुबे पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन शाम 5 बजे हनुमान चालीसा का नियमित पाठ कर रहे हैं। बुधवार, 3 सितंबर की शाम 5 बजे उन्होंने काशीमीरा स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में संगीत-मय चालीसा पाठ किया। यह उनका 1962वाँ हनुमान चालीसा पाठ था।चालीसा पाठ के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा—”मैंने आजीवन संकल्प लिया है कि प्रतिदिन ठीक 5 बजे हनुमान चालीसा का पाठ करूंगा। चाहे मैं कहीं भी रहूँ — ज़मीन पर या आसमान में, यह व्रत निरंतर चलता रहेगा।”


दुबे ने हनुमान चालीसा के चमत्कारी फल का उदाहरण देते हुए बताया कि इस पाठ से कई लोग आत्महत्या जैसे गंभीर कदम से भी बच गए हैं। उन्होंने एक प्रसंग साझा किया कि —”अमेरिका की एक महिला डिप्रेशन में आकर आत्महत्या करना चाहती थी। तभी उसने यूट्यूब पर मेरा हनुमान चालीसा सुना। हनुमानजी की कृपा से उसके मन से आत्महत्या की भावना दूर हो गई और वह आज हनुमानजी की भक्त है।”
काशीमीरा स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में हुए इस भव्य आयोजन में भजन गायक संजय गिरी, स्वामी महेश योगी, समाजसेवक एवं उद्योगपति डा. राधेश्याम गुप्ता, समाजसेवक रामेश्वर शाहू, पत्रकार रवीन्द्र मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था की अद्भुत छटा बिखरी रही, और श्रद्धालु “जय सियाराम” व “बजरंगबली की जय” के उद्घोष करते रहे।


