मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

कोपरखैरणे पुलिस ने घनसोली रेलवे स्टेशन परिसर से दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 182.12 ग्राम एम.डी. (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 72 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक की पहचान निखिल वाघमारे (32) और दूसरे की पहचान मसूद खान (40) के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि घनसोली रेलवे स्टेशन के पास एम.डी. ड्रग्स की बिक्री होने वाली है। इस आधार पर पुलिस ने विशेष पथक तैयार कर परिसर में जाल बिछाया और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से ड्रग्स से भरे पारदर्शी पाउच बरामद किए गए। इसके अलावा एक किया सोनेट कार और नकदी भी पुलिस ने जब्त की है।


गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया है। एसीपी राहुल धस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स की आपूर्ति किन नेटवर्क से की जा रही थी। आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।


