मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट राज्य को ट्रिलियन इकोनॉमी की दिशा में आगे बढ़ाने वाला ऐतिहासिक बजट है। यह बजट किसानों को मजबूती देने, उद्यमियों को प्रोत्साहन देने, राज्य के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने वाला है। यह विश्वास बोरिवली के विधायक संजय उपाध्याय ने व्यक्त किया।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त मंत्री के रूप में जो बजट पेश किया है, उसमें समाज के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ व्यवस्था की गई है। राज्य सरकार केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए केंद्र की अनेक योजनाओं को महाराष्ट्र में प्रभावी रूप से लागू कर रही है।


विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि यह बजट मुख्यमंत्री के उस सपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से महाराष्ट्र को समृद्ध और विकसित राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट गरीब और अमीर के बीच की खाई को कम करने के साथ ही अंत्योदय के संकल्प को भी साकार करेगा।


संजय उपाध्याय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य में महाराष्ट्र महत्वपूर्ण योगदान देगा और राज्य जल्द ही ट्रिलियन इकोनॉमी बनने की दिशा में अग्रसर होगा।


