मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र राज्य कृषि पनन मंडल द्वारा आयोजित ‘मिलेट (तृणधान्य) महोत्सव 2025’ का आयोजन 20 से 23 मार्च 2025 के बीच मुंबई के बोरीवली (पश्चिम) स्थित कोरा केंद्र मैदान-3 में किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य ‘उत्पादक से ग्राहक, सीधी विक्री’ (Producer to Consumer Direct Sale) संकल्पना को बढ़ावा देना और आम लोगों के आहार में पौष्टिक तृणधान्यों का उपयोग बढ़ाना है।


महोत्सव का उद्घाटन 20 मार्च को शाम 4:30 बजे जयहुमार रावल, मंत्री (पनन व राजशिष्टाचार, महाराष्ट्र) के हाथों किया जाएगा। इस अवसर पर किसानों, नवउद्यमियों और उपभोक्ताओं को एक मंच पर लाकर तृणधान्य आधारित उत्पादों की बिक्री, जागरूकता और बाजार विस्तार पर जोर दिया जाएगा।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान-उद्यमी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे खरीद का अवसर मिलेगा और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
आयोजकों ने इस उद्घाटन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील की है।


