मुंबई वार्ता संवाददाता

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की नीति के अनुसार जिला कांग्रेस समितियों को मजबूत करने के लिए राज्य के सभी जिलाध्यक्षों के चयन हेतु संगठन सृजन अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर के नेता जिलों में जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और जिलाध्यक्षों का चयन किया जाएगा। साथ ही तालुका, मंडल स्तर और ग्राम स्तर तक नियुक्तियां महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की जाएंगी। संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है और इस वर्ष को संगठन वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, ऐसा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की अध्यक्षता में तिलक भवन में वरिष्ठ नेताओं, जिलाध्यक्षों और संगठन सृजन अभियान के समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विधानसभा कांग्रेस पक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य बाळासाहेब थोरात, पूर्व मंत्री नसीम खान, पूर्व मंत्री यशोमती ठाकूर, के.सी. पाडवी, विधायक डॉ. विश्वजीत कदम, रणजीत कांबले, सांसद प्रणिती शिंदे, सांसद डॉ. कल्याण काले, सांसद डॉ. शोभा बच्छाव, सांसद बलवंत वानखेडे, सेवा दल के प्रदेशाध्यक्ष विलास औताडे, युवक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष शिवराज मोरे, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सचिन सावंत, वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे, एससी विभाग के अध्यक्ष सिद्धार्थ हत्तीअंबीरे, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक वजाहत मिर्झा सहित कई नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे।


बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि देशभर में संगठन सृजन अभियान शुरू हो चुका है और महाराष्ट्र में यह अभियान 27 मार्च से शुरू हुआ है। 1 मई तक इस संबंध में सिफारिशों की रिपोर्ट तैयार हो जाएगी और उसके बाद जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी। राज्य में 72 जिलाध्यक्ष और 750 तालुका अध्यक्ष होंगे। संगठन को गांव स्तर तक पहुंचाने के लिए ग्राम शाखाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एससी, एसटी और ओबीसी विभागों के जिलाध्यक्ष और तालुका अध्यक्षों की भी नियुक्ति की जाएगी।


अशोक खरात मामले पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस तथाकथित बाबाओं के मामले ने राज्य की महायुति सरकार को अंदर से खोखला कर दिया है। महिलाओं के यौन शोषण से जुड़े 58 वीडियो होने की बात कही जा रही है, लेकिन उनकी संख्या और भी अधिक हो सकती है। गृह विभाग द्वारा केवल कुछ चुनिंदा वीडियो ही लीक किए जा रहे हैं, जिसके पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका है। खरात के सीए के पास से बड़ी मात्रा में संपत्ति मिलने की खबरें सामने आ रही हैं, यह पैसा आखिर किसका है, यह सवाल भी हर्षवर्धन सपकाल ने उठाया।
■ ईंधन संकट पर फडणवीस का बयान भ्रामक
देश में पेट्रोल पंपों और एलपीजी गैस के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, इसके बावजूद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा इसका दोष राहुल गांधी पर डालना हास्यास्पद है। कांग्रेस और राहुल गांधी अफवाह नहीं फैला रहे हैं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं संसद में भाषण देते हुए कोरोना जैसी स्थिति होने की बात कही थी, जिससे लोगों में लॉकडाउन का डर पैदा हुआ। दूसरी ओर मोदी सरकार की विदेश नीति विफल रही है, जिसके कारण जनता को ईंधन और एलपीजी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचते हुए कांग्रेस पर आरोप लगा रही है, ऐसा भी हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


